मंगलवार, 7 अप्रैल 2026

सरकार आफताबी पीर का साइबर जर्नलिस्ट एसोसिएशन ने किया सम्मान

- देश के हित में अमन-चैन और तरक्की की दुआ में शामिल हुए जायरीन

फतेहपुर। जनपद में आध्यात्मिक माहौल उस समय देखने को मिला जब मुंबई से पधारे प्रसिद्ध सूफी संत सरकार आफताबी पीर का साइबर जर्नलिस्ट एसोसिएशन (सीजेए) के पदाधिकारियों द्वारा भव्य सम्मान किया गया। इस अवसर पर आस्था और श्रद्धा से जुड़े बड़ी संख्या में जायरीन भी मौजूद रहे, जिन्होंने अपने हक में दुआ कराई और मुल्क की खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम में साइबर जर्नलिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष त्रिभुवन सिंह एवं जिला सचिव धीर सिंह यादव ने सरकार आफताबी पीर को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सूफी संत समाज में भाईचारा, प्रेम और इंसानियत का संदेश देने का कार्य करते हैं, जो आज के समय में बेहद जरूरी है। मुंबई से फतेहपुर पहुंचे सरकार आफताबी पीर के आगमन पर जायरीनों में खासा उत्साह देखा गया। लोगों ने बड़ी आस्था के साथ उनसे मुलाकात कर अपने और अपने परिवार के लिए दुआ कराई। इस दौरान देश में अमन-चैन, आपसी भाईचारा और तरक्की के लिए विशेष प्रार्थना की गई। कार्यक्रम के दौरान साइबर जर्नलिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष त्रिभुवन सिंह ने सरकार आफताबी पीर से धार्मिक, सामाजिक एवं भविष्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से संवाद किया। बातचीत में समाज में बढ़ती दूरियों को खत्म कर आपसी सौहार्द और एकता को मजबूत करने पर जोर दिया गया। सरकार आफताबी पीर ने अपने संदेश में कहा कि इंसानियत सबसे बड़ा धर्म है और हर व्यक्ति को प्रेम, भाईचारे और सेवा की भावना के साथ जीवन जीना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब समाज में एकता और सद्भाव रहेगा, तभी देश तरक्की करेगा। यह आयोजन केवल सम्मान का कार्यक्रम नहीं रहा, बल्कि समाज में प्रेम, एकता और सौहार्द का संदेश देने का एक महत्वपूर्ण माध्यम भी बना, जहां सभी ने मिलकर देश और समाज के बेहतर भविष्य की कामना की। इस अवसर पर साइबर जर्नलिस्ट एसोसिएशन के राष्ट्रीय महासचिव शीबू खान, व्यापार मंडल के युवा नगर उपाध्यक्ष महताब आलम, मोहम्मद आसिफ, अनीस खान, आसिफ गुड्डू सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाया और अंत में एक-दूसरे के लिए भलाई और खुशहाली की दुआ की।

गुरुवार, 2 अप्रैल 2026

ड्रीम वर्ल्ड रिजॉर्ट में भव्य ओशो ध्यान शिविर, देश-विदेश से जुटे साधक

लखनऊ। ओशो ध्यान साधना फाउंडेशन के तत्वावधान में 2 अप्रैल से 5 अप्रैल तक कानपुर हाईवे स्थित ड्रीम वर्ल्ड रिजॉर्ट में एक भव्य ओशो ध्यान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस चार दिवसीय ध्यान एवं योग कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में साधक भाग ले रहे हैं।


शिविर में ओशो की विभिन्न ध्यान विधियों का अभ्यास कराया जा रहा है, जिनका उद्देश्य प्रतिभागियों को गहरी मानसिक शांति, आत्म-जागरूकता और जीवन में संतुलन प्रदान करना है। कार्यक्रम के दौरान सक्रिय ध्यान, कुंडलिनी ध्यान, सुफी भजन सहित कई विशिष्ट ध्यान प्रक्रियाओं को शामिल किया गया है, जिससे साधक अपने भीतर की ऊर्जा को पहचान सकें और सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में आगे बढ़ सकें। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य आम जनमानस को ध्यान के महत्व से अवगत कराना और उन्हें तनाव, चिंता व मानसिक दबाव से मुक्त कर एक स्वस्थ एवं संतुलित समाज की स्थापना की ओर प्रेरित करना है। शिविर के प्रमुख संयोजक मनोज निषाद ने बताया कि इस तीन दिवसीय ध्यान शिविर का संचालन छत्तीसगढ़ से पधारे स्वामी आनंद एकांत जी एवं मुंबई से आए स्वामी आत्मोक्रांति जी द्वारा किया जा रहा है। उनके मार्गदर्शन में प्रतिभागियों को विभिन्न ध्यान तकनीकों का गहन अभ्यास कराया जा रहा है। आयोजन को सफल बनाने में ममता सिंह, आदित्य मिश्रा एवं मनोज शिवहरे सहित अन्य पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। आयोजकों के अनुसार, इस प्रकार के ध्यान शिविर समाज में मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा के प्रसार में अहम योगदान देते हैं।

शनिवार, 28 मार्च 2026

हजार नहीं, करोड़ नहीं… शराब की खपत पहुंची अरब के पार

- जाम के साथ झूमता रहा फतेहपुर, आंकड़ों ने किया हैरान

- चार महीनों में फतेहपुर वासियों ने गटक ली 1.77 अरब की शराब

- शादी सीजन और सर्दी में रिकॉर्ड खपत, देशी शराब की बिक्री हुई सबसे ज्यादा

फतेहपुर।
“झूम बराबर झूम शराबी” गीत की तर्ज पर फतेहपुर जनपद में बीते चार महीनों का हाल कुछ ऐसा ही नजर आया। नवंबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच जिलेवासियों ने शराब की जमकर खपत की और सरकारी आंकड़ों के अनुसार 1 अरब 77 करोड़ 79 लाख 14 हजार 570 रुपये की शराब पी डाली।


जिला आबकारी विभाग के आंकड़ों के मुताबिक इस अवधि में जिले में संचालित 317 देशी शराब की दुकानों, 100 कंपोजिट (अंग्रेजी शराब एवं बियर) दुकानों और एक मॉडल शॉप पर भारी बिक्री दर्ज की गई। आंकड़ों के अनुसार चार महीनों में 40 लाख 46 हजार 192 लीटर देशी शराब, 13 लाख 4 हजार 670 बोतल अंग्रेजी शराब और 18 लाख 17 हजार 497 केन बियर की खपत हुई। सरकारी दरों के आधार पर गणना करें तो देशी शराब से 1 अरब 9 करोड़ 24 लाख 71 हजार 840 रुपये, अंग्रेजी शराब से 52 करोड़ 18 लाख 68 हजार रुपये और बियर से 16 करोड़ 35 लाख 74 हजार 730 रुपये की बिक्री हुई। इस तरह कुल मिलाकर 1.77 अरब रुपये से अधिक की शराब की खपत दर्ज की गई, जिसमें देशी शराब सबसे आगे रही। यह आंकड़े दर्शाते हैं कि आम उपभोक्ताओं में सस्ती शराब की मांग अधिक बनी हुई है। हालांकि यह पूरा हिसाब सरकारी दरों पर आधारित है, जबकि हकीकत में कई स्थानों पर ओवररेटिंग भी की जाती है, जिससे वास्तविक कारोबार इससे कहीं अधिक होने की संभावना है। इसके अलावा अवैध शराब और गैर-लाइसेंसी बिक्री का कोई आधिकारिक आंकड़ा शामिल नहीं है, जिससे वास्तविक खपत का दायरा और बड़ा माना जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि नवंबर से फरवरी के बीच शादी-विवाह का सीजन और कड़ाके की ठंड शराब की मांग बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं। यही कारण है कि इस अवधि में बिक्री में असामान्य उछाल देखने को मिला। एक ओर जहां इस भारी बिक्री से सरकार के राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, वहीं दूसरी ओर यह स्थिति सामाजिक और स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से चिंता का विषय भी बनती जा रही है। बढ़ती शराबखोरी न केवल स्वास्थ्य पर असर डाल रही है, बल्कि सामाजिक ताने-बाने पर भी इसका प्रभाव साफ देखा जा सकता है।
वैसे फतेहपुर में शराब की बढ़ती खपत जहां सरकार के लिए आय का बड़ा स्रोत बन रही है, वहीं समाज के लिए यह एक गंभीर चेतावनी भी है, जिस पर समय रहते ध्यान देना आवश्यक है।

गुरुवार, 19 मार्च 2026

लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल फाउंडेशन के माध्यम से देश में होगा जनसेवा का कार्य - विराज शास्त्री

- परदादा लाल बहादुर शास्त्री की विरासत संभालने मैदान में उतरे विराज शास्त्री

- 21-22 मार्च को निःशुल्क मेगा हेल्थ कैंप, हजारों लोगों को मिलेगा स्वास्थ्य लाभ

- “जय जवान, जय किसान” के साथ अब “जय समाज” का भी लिया संकल्प

- शुद्ध पानी से लेकर इलाज और शिक्षा तक, बड़ा प्लान तैयार

फतेहपुर। लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल फाउंडेशन के अध्यक्ष विराज शास्त्री ने समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभानी शुरू कर दी है। वह देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के परपोते हैं। इसके अलावा वह फतेहपुर के पूर्व सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री हरिकृष्ण शास्त्री के पोते और विभाकर शास्त्री के पुत्र हैं।
विराज शास्त्री ने बताया कि वह अपने दादा पूर्व केंद्रीय मंत्री तथा फतेहपुर के पूर्व सांसद स्वर्गीय हरिकृष्ण शास्त्री के सपनों को साकार करने के लिए समाज सेवा के क्षेत्र में उतरे हैं। उन्होंने फाउंडेशन के माध्यम से पूरे देश में जनहित से जुड़े कार्य करने की बात कही है, जिससे लोगों को सुविधा और राहत मिल सके। उन्होंने अपनी समाज सेवा की शुरुआत फतेहपुर जनपद के हसवा ब्लॉक के कुसुंभी गांव से की है। यहां ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आरओ प्लांट की स्थापना कराई जा रही है, जिसका भूमिपूजन भी किया जा चुका है। विराज शास्त्री ने बताया कि आगामी 21 और 22 मार्च को नगर पालिका परिषद फतेहपुर क्षेत्र में निःशुल्क मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन किया जाएगा। यह कैंप ईसाइन पुरवा वार्ड और कलेक्टरगंज वार्ड के जयराम नगर में लगाया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 21 मार्च को जयराम नगर में तथा 22 मार्च को ईसाइन पुरवा में कैंप का आयोजन होगा। फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस निःशुल्क कैंप में सामान्य बीमारियों की जांच के साथ-साथ आंखों की जांच और उपचार की भी व्यवस्था रहेगी। मरीजों को दवाएं दी जाएंगी और आगे चलकर चश्मों का वितरण भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन शिक्षा के क्षेत्र में भी काम करेगा। इसके लिए जल्द ही जिलाधिकारी से मुलाकात कर कुछ परिषदीय विद्यालयों को गोद लेने की योजना है। इसके सफल होने पर बड़े स्तर पर विद्यालयों को गोद लेकर शिक्षा सुधार की दिशा में काम किया जाएगा। विराज शास्त्री ने कहा कि फाउंडेशन पत्रकारों और उनके परिवारों के हित में भी काम करेगा। साथ ही आउटसोर्सिंग कर्मचारियों और उनके परिजनों को भी स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से लाभ पहुंचाया जाएगा। उन्होंने अपने परदादा एवं देश के सबसे ईमानदार प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के नारे “जय जवान, जय किसान” को आगे बढ़ाते हुए “जय समाज” के संदेश के साथ काम करने की बात कही। उन्होंने बताया कि इस कार्य में उन्हें अपनी माता ज्योति शास्त्री एवं पिता विभाकर शास्त्री का सहयोग मिल रहा है और उन्होंने युवाओं से भी समाज सेवा में सहयोग करने की अपील की है।

शनिवार, 28 फ़रवरी 2026

आबकारी नीति मामले में केजरीवाल–सिसोदिया की रिहाई पर आप कार्यकर्ताओं का जश्न

- महिला विंग जिलाध्यक्ष एडवोकेट माया सिंह गौतम बोलीं— सच्चाई की जीत हुई

फतेहपुर। आबकारी नीति मामले में नई दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविन्द केजरीवाल तथा पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के बरी होने के बाद फतेहपुर में आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई। पार्टी की महिला विंग की जिलाध्यक्ष एडवोकेट माया सिंह गौतम के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाते हुए इसे “सत्य की जीत” करार दिया।
एडवोकेट माया सिंह गौतम ने कहा कि यह फैसला उन सभी आरोपों का जवाब है, जो राजनीतिक द्वेष के तहत लगाए गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके नेताओं को साजिश के तहत बदनाम करने की कोशिश की गई। “हम और हमारे नेता गलत नहीं थे। उन्होंने कहा कि न्यायालय के फैसले ने यह साबित कर दिया है। वहीं भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष की बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर झूठे मुकदमे गढ़े गए, लेकिन अंततः सच्चाई सामने आ गई। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब जनता सब समझ चुकी है और आने वाले वर्षों में फिर से दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी तथा अरविन्द केजरीवाल दोबारा मुख्यमंत्री पद संभालेंगे। इस दौरान उन्होंने दिल्ली सरकार की योजनाओं की भी सराहना की। विशेषकर मोहल्ला क्लिनिक और सरकारी स्कूल मॉडल को आम लोगों के लिए वरदान बताते हुए कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में आम आदमी पार्टी ने देश के सामने एक उदाहरण प्रस्तुत किया है। कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की और पार्टी नेतृत्व के समर्थन में नारेबाजी की।

सोमवार, 23 फ़रवरी 2026

आम जनता पार्टी (सोशलिस्ट) का जिला कार्यकर्ता महासम्मेलन सम्पन्न

- विधानसभा चुनाव में सैकड़ों सीटों पर लड़ने का ऐलान

जौनपुर। जनपद जौनपुर के हौज स्थित शहीदी धरती पर ट्रामा सेंटर मैदान में आम जनता पार्टी सोशलिस्ट के तत्वावधान में जिला कार्यकर्ता महासम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में जिले की सभी विधानसभाओं से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जोगिंदर सिंह चौहान ने की। 
महासम्मेलन को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश सिंह चौहान ने कहा कि मजदूरों, किसानों, गरीबों, अति दलितों, दलितों, पिछड़ों और शोषित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए कार्यकर्ताओं को संघर्ष के लिए तैयार रहना होगा। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश की सैकड़ों सीटों पर पार्टी प्रत्याशी उतारने का ऐलान करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेश चौहान ने ऐतिहासिक संदर्भ देते हुए पृथ्वीराज चौहान के संघर्ष का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सत्ता में भागीदारी के बिना समाज की आवाज दबाई जाती है, इसलिए संगठित होकर राजनीतिक हिस्सेदारी सुनिश्चित करनी होगी। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विजय सिंह चौहान ने कहा कि पार्टी का मिशन जौनपुर से प्रारंभ हो चुका है और शीघ्र ही उत्तर प्रदेश के साथ अन्य राज्यों में भी संगठन विस्तार किया जाएगा। उन्होंने महाराष्ट्र में भी संगठन निर्माण की घोषणा की।
प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीढ़ बताते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की अपील की। वहीं राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव एडवोकेट ओमकार चौहान ने भारतीय लोकतंत्र और संविधान की चर्चा करते हुए भीमराव आंबेडकर के संदेश — "शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो" — को दोहराया और कार्यकर्ताओं से सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। महासम्मेलन में बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे और संगठन विस्तार का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से राम अवध चौहान राष्ट्रीय सचिव विशिष्ट अतिथि, दारा चौहान विशिष्ट अतिथि, मुद्रिका चौहान राष्ट्रीय सचिव, नंदलाल चौहान राष्ट्रीय सलाहकार, प्रदेश सचिव प्रवीण कुमार सिंह, प्रेमचंद्र चौहान प्रदेश प्रवक्ता, रामदयाल चौहान प्रदेश सचिव, टिल्लू चौहान प्रदेश प्रचार मंत्री, उपेन्द्र चौहान बिहार प्रदेश अध्यक्ष मनोज चौहान, संतराम चौहान, चन्द्रभूषन चौहान, सुभाष सरोज, शुभम यादव, छोटेलाल, अमेरिकन चौहान, अनिल चौहान, उपेन्द्र चौहान जौनपुर, सुशील मास्टर, विनोद चौहान, अनूप चौहान, अरविन्द चौहान, दीपक, पवन, प्रेमचंद्र, शामिल रहे। जिलाध्यक्ष सूरज सिंह चौहान ने आभार व्यक्त किया। इस दौरान कई अन्य दल के लोगों ने पार्टी का दामन थामा है।


शनिवार, 21 फ़रवरी 2026

अखिलेश यादव के दौरे में बदला ‘पीडीए’ का स्वरूप, जनपद में दिखा सियासी जोश

शीबू खान

- सपा प्रमुख ने फतेहपुर पुलिस एवं पुलिस अधीक्षक को लिया आड़े हाथ

- समर्थकों से मिलते हुए चौकी चौराहे की पी फेमस चाय

- पीडीए का मायने हुआ - पीड़ित, दुखी एवं अपमानित

फतेहपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के बीते शुक्रवार को जनपद आगमन पर राजनीतिक माहौल पूरी तरह गर्म नजर आया। सपा द्वारा ‘पीडीए’ की नई परिभाषा— पीड़ित, दुखी और अपमानित को लेकर चर्चा तेज रही। जोकि पहले पीडीए को पिछड़ा, दलित, आदिवासी एवं अल्पसंख्यक से जोड़कर माना जाता रहा है। वहीं इस बयान के बाद पार्टी नेताओं ने इसे सामाजिक न्याय की नई व्याख्या बताया, जबकि समर्थकों ने इसे व्यापक जनसमर्थन से जोड़कर देखा।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के आगमन पर जनपद भर में लगे होर्डिंगों में अखिलेश यादव को ‘पीडीए महानायक’ के रूप में प्रस्तुत किया गया। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत द्वार और बैनर-पोस्टर लगाकर शक्ति प्रदर्शन किया। अफोई से फतेहपुर शहर आगमन और वहां से लखनऊ प्रस्थान तक समर्थकों ने जगह-जगह अपने नेता का काफिला रोककर स्वागत किया। आम जनता, युवा और पार्टी पदाधिकारी कतारबद्ध होकर उनसे मिलने को उत्साहित दिखे। कार्यक्रम के दौरान कुछ स्थानों पर वरिष्ठ सपा नेताओं द्वारा अनुशासनहीनता भी देखने को मिली। कार्यक्रम स्थल और स्वागत स्थलों पर व्यवस्था बनाए रखने में कार्यकर्ताओं को मशक्कत करनी पड़ी। इस महत्वपूर्ण दौरे के दौरान युवाओं में खास उत्साह देखा गया। कई युवाओं ने उनके साथ सेल्फी ली और सोशल मीडिया पर साझा की। सपा सुप्रीमो ने भी युवाओं के साथ सहज अंदाज में तस्वीरें खिंचवाईं। कुल मिलाकर, यह दौरा राजनीतिक संदेश के साथ-साथ जनसंपर्क और शक्ति प्रदर्शन का मंच भी साबित हुआ। हालांकि ये दौरा समाजवादी पार्टी के आधार पर महज एक औपचारिक मुलाकात तथा वैवाहिक कार्यक्रम में उपस्थित होने का था। लेकिन सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा जनपद की हर प्रेस वार्ता एवं समर्थकों के बीच भाजपा की आलोचना करते हुए जगह - जगह पर केंद्र सरकार में मोदी द्वारा यूएस डील और अडानी - अंबानी सहित यूजीसी जैसे कई महत्वपूर्व बिंदुओं पर प्रहार किया सतह ही केंद्रीय बजट पर भी चिंता जताई इसके अलावा उत्तर प्रदेश सरकार के विरुद्ध भी कई प्रहार किया। प्रदेश के बजट के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सदन में बोली गई भाषा, जापान दौरा पर वनस्पति के नाम पर गांजा का जिक्र, किसी करीबी के कहने पर जापान घूमने जाना और सबसे बड़ी बात शंकराचार्य विवाद पर सरकार और मुख्यमंत्री की आलोचना करते हुए कई सवाल दागे जिसमें योगी का खुद का सर्टिफिकेट दिखाने से लेकर गोरखपुर को गोरखधंधा तक बताने से पीछे नहीं हटे। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव दोनों उप मुख्यमंत्रियों पर भी करारा प्रहार करते नजर आए। वहीं एडवोकेट जयराज मान सिंह के हत्या पर उनके परिजनों से मिलकर सपा सरकार आने पर वास्तविक जांच कराकर न्याय दिलाने की बात कही है।

हथेली गरम - पुलिस नरम कहकर पूंछा पुलिस कप्तान का रेट 

फतेहपुर पहुंचने पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपनी सुरक्षा के साथ हुए खिलवाड़ पर फतेहपुर पुलिस पर करारा तंज कसा। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि हथेली गरम पुलिस नरम, बताओ हमें भी हथेली गरम करनी पड़ेगी अपनी सिक्योरिटी के लिए, अगली बार कर देंगे गरम हथेली, तुम्हारे कप्तान साहब (पुलिस अधीक्षक) बता दें कि कितने में गरम होगी हथेली... बताओ ये व्यवहार है इनका। इस बयान से फतेहपुर पुलिस पर खुलकर कुछ न बोलते हुए बहुत कुछ बोलकर चले गए अखिलेश यादव, जिनका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायल भी हो रहे हैं।

लाल टोपी बनी चर्चा का केंद्र

पूरे कार्यक्रम में अखिलेश यादव सपा की पहचान ‘लाल टोपी’ पहने नजर आए, जबकि उनके साथ मौजूद कई स्थानीय नेता बिना टोपी के दिखे। इसे लेकर समर्थकों के बीच हल्की चर्चा भी रही। कहीं न कहीं ये अनुशासन हीनता में भी जोड़ा जाना गलत नहीं होगा क्योंकि लाल टोपी सपाइयों की विशेष पहचान है और वो भी अपने नेता या यूं कहें कि राजनीतिक मुखिया के समक्ष लाल टोपी न पहनना जबकि मुखिया के सर पर लाल टोपी का पूरे समय में मौजूद रहना स्थानीय नेताओं का अनुशासनहीनता दर्शाता नजर आया।

शेषमन की चाय पहुंची अखिलेश यादव तक

खागा तहसील क्षेत्र के सुल्तानपुर घोष थाना अंतर्गत चौकी चौराहा स्थित ‘शेषमन की फेमस चाय’ भी इस दौरे की खास झलक बनी। चाय दुकान संचालक शेषमन यादव के पुत्र आर्यन यादव (डिजिटल क्रिएटर) ने अपने हाथों से अखिलेश यादव को एक नहीं बल्कि दो चाय परोसी। चाय पीने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री ने उसकी सराहना भी की। इतना ही नहीं अखिलेश यादव के सोशल मीडिया हैन्डल से आर्यन यादव के हाथों चाय लेते हुए की फोटो भी पोस्ट की है। वैसे तो चौकी की चाय पहले से ही फेमस रही है लेकिन अखिलेश यादव ने भी इस चाय को पीकर और फेमस कर दिया। इस बात से शेषमन यादव और उनका परिवार में उनके बेटे आर्यन यादव और दीपक यादव सहित दुकान के स्टाफ गदगद होते हुए गर्व करने की बात कही है।

सरकार आफताबी पीर का साइबर जर्नलिस्ट एसोसिएशन ने किया सम्मान

- देश के हित में अमन-चैन और तरक्की की दुआ में शामिल हुए जायरीन फतेहपुर। जनपद में आध्यात्मिक माहौल उस समय देखने को मिला जब मुंबई से पधारे प्र...