शुक्रवार, 29 नवंबर 2024

भारत ने जाम्बिया को भेजे चिकित्सा उपकरण

नई दिल्ली: भारत ने अफ्रीकी देश जाम्बिया को उसके स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूती प्रदान करने के लिए महत्वपूर्ण चिकित्सा उपकरण भेजे हैं, जिनमें अस्पताल के बिस्तरों सहित ऑपरेशन थियेटर का सामान शामिल है। भारत सरकार के इस कदम ने एक बार फिर ग्लोबल साउथ (गरीब एवं विकासशील देश) के प्रति भारत की मजबूत प्रतिबद्धता को जाहिर किया है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरुवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा भारत-जाम्बिया साझेदारी को मजबूती! एकजुटता के संकेत के रूप में, भारत जाम्बिया सरकार को चिकित्सा उपकरण की आपूर्ति कर रहा है। अस्पताल के बिस्तर, ऑपरेशन थियेटर टेबल, शिशु इनक्यूबेटर एवं रिससिटेयर, एनेस्थीसिया मशीन और अन्य उत्पादों से युक्त यह खेप आज मुंबई के न्हावा शेवा बंदरगाह से रवाना हुई। यह जाम्बिया की स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को मजबूत करने में योगदान देगा।
उन्नत चिकित्सा उपकरण प्रदान करके भारत का लक्ष्य जाम्बिया के हेल्थकेयर इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती प्रदान करते हुए इसकी चिकित्सा सेवा वितरण में सुधार करना है। इसके साथ ही जरूरतमंद देश को भेजी गई चिकित्सा आपूर्ति से दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग को भी बढ़ावा मिलेगा। यह कदम जाम्बिया के साथ ही समूचे अफ्रीकी महाद्वीप और ग्लोबल साउथ के साथ मजबूत संबंधों को बढ़ावा देने के लिए भारत की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है, जो एकजुटता और आपसी समर्थन के साझा मूल्यों को दर्शाता है।
बता दें कि भारत ने कई मौकों पर ग्लोबल साउथ के देशों को मुख्यधारा में लाने और हर बड़े वैश्विक फैसलों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने की वकालत की है। भारत ने कोविड-19 महामारी के दौरान ग्लोबल साउथ के देशों को प्राथमिकता के आधार पर वैक्सीन सप्लाई की थी। इसके अलावा भारत ने पिछले साल अपनी जी20 अध्यक्षता के दौरान समूह में अफ्रीकन यूनियन की भागीदारी सुनिश्चित की। यही नहीं, भारत अल्पविकसित एवं जरूरतमंद देशों के स्वास्थ्य एवं शिक्षा क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए हमेशा तत्पर रहता है।
(रिपोर्ट - शाश्वत तिवारी)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

फतेहपुर में बढ़ा सियासी बवाल: दिवंगत लेखपाल सुधीर के घर पहुँचे अखिलेश यादव, बोले—“दोषियों को बचने नहीं दूंगा”

- अखिलेश यादव ने परिजनों को दिया मदद, सरकार से उठाई कई मांग - एसआईआर के बढ़ते मामलों पर उग्र दिखे सपा सुप्रीमो, कहा संसद में उठाएंगे मुद्दा ...